मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रूपये की सहायता देने के दिये निर्देश
सिहोरा-मझगवां रोड पर ग्राम नुंजी के पास एक लोडिंग ऑटो और हाइवा की टक्कर से ऑटो में सवार सात व्यक्तियों की मृत्यू हो गई है। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिला शामिल हैं। दुर्घटना में दस व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुये हैं, इनमें 6 पुरुष और 4 महिला हैं। सभी समीपस्थ ग्राम प्रतापपुर के निवासी हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों के साथ विधायक सिहोरा संतोष वरकडे भी पहुँच गये थे। घायलों को उपचार के लिये सिविल अस्पताल सिहोरा में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुये बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छनुदान से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश भी दिये हैं।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सड़क दुर्घटना निधि से 15-15 हजार रुपये की राशि भी स्वीकृत की जा रही है। इसके साथ ही संबल योजना के हितग्राही होने की स्थिति में मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता पृथक से दी जायेगी। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को सड़क दुर्घटना निधि से प्रत्येक को 7 हजार 500 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जायेगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे विधायक सिहोरा सन्तोष वरकडे ने मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच हजार रुपये की तात्कालिक सहायता प्रदान की है।
सिहोरा अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर ने जाने घायलों के हालचाल
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने सिविल अस्पताल सिहोरा पहुँचकर यहां उपचार के लिये भर्ती घायलों से मिलकर उनके हालचाल जाने। विधायक सन्तोष वरकडे, पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह एवं पूर्व विधायक दिलीप दुबे भी उनके साथ थे। कलेक्टर ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से भी भेंट की और उन्हें ढाँढस बंधाया। उन्होंने चिकित्सकों से भी चर्चा की और घायलों को दिये जा रहे उपचार की जानकारी ली। श्री सक्सेना ने चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिये। सिविल अस्पताल सिहोरा में घायलों का कुशल क्षेम जानने के बाद कलेक्टर एवं एसपी ने घटना स्थल का मुआयना भी किया।
0 टिप्पणियाँ