देश की चौथी सबसे अमीर महिला की भाजपा से बगावत:टिकट कटा तो सावित्री जिंदल ने निर्दलीय लड़ने का ऐलान किया; कहा- मैं पार्टी मेंबर नहीं

हिसार /  हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार देर शाम को 67 कैंडिडेट की लिस्ट जारी की थी। लिस्ट आते ही पार्टी में बगावत शुरू हो गई है। कई पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर ही इस्तीफा दे दिया। वहीं, गुरुवार सुबह देश की चौथी सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने भी बगावत कर दी है। भाजपा से टिकट न मिलने के बाद उन्होंने हिसार से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

सावित्री जिंदल ने समर्थकों से कहा- मैं भाजपा की प्राथमिक सदस्य नहीं हूं। मैं चुनाव न लड़ने के बारे में बोलने के लिए दिल्ली से वापस आई थी, लेकिन आपका प्यार और विश्वास देखकर मैं चुनाव लड़ूंगी। सावित्री मशहूर उद्योगपति और कुरूक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। हिसार सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से होगा।

जिंदल का 4 पार्टियों से होगा मुकाबला

सावित्री जिंदल अगर चुनाव लड़ती हैं तो उनका मुकाबला 4 पार्टियों से होगा। जिसमें भाजपा, कांग्रेस, इनेलो और जजपा शामिल हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा के साथ ही होगा। डॉ. कमल गुप्ता और सावित्री जिंदल 2014 में आमने-सामने हो चुके हैं। सावित्री जिंदल ने कांग्रेस से चुनाव लड़ा था और कमल गुप्ता ने भाजपा से। इस चुनाव में बिजनेसमैन डॉ. सुभाष चंद्रा ने कमल गुप्ता की मदद की थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ